पीएम मोदी की अपील पर जनता बोली-हम आपके संग, 'जनता कर्फ्यू' बनाएंगे सफल
प्रयागराज। चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस ने पूरे विश्व में अपनी पैठ बना ली है। विश्व के सभी देशों ने महामारी बन चुकी इस बीमारी से लड़ने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रही है। वहीं अपने देश में सबसे अधिक जोर इसके फैलने से रोकने का है। इसी क्रम में गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संदेश दिया। इसके तहत उन्होंने सभी से 'जनता कर्फ्यू' लगाने की अपील की। पीएम के इस अपील के बाद से सोशल मीडिया पर लोग और भी जागरूक हो गए हैं। एक से होकर दूसरे तक संदेश 'जनता कर्फ्यू' को सफल बनाने के लिए भेजा जा रहा है, अपील की जा रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 22 मार्च यानी रविवार को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक 'जनता कर्फ्यू' की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस दिन आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़कर बाहर कोई भी बाहर न निकले। यात्राओं से परहेज करें। सार्वजनिक स्थलों पर न जाएं। भीड़भाड़ से दूर रहें। शाम को पांच बजे घरों के बालकनी में निकलकर पांच मिनट तक ताली बजाकर डॉक्टर, मीडिया और होम डिलीवरी करने वाले कर्मियों के लिए धन्यवाद दें। ने की भी उन्होंने लोगों से अपील की। पीएम ने कहा कि रविवार का जनता कर्फ्यू यह तय करेगा कि हम कोरोना वायरस से लड़ने के लिए कितना और किस स्तर पर तैयार हैं। कई ने तो संकल्प ले लिया है कि इस दिन वह घरों से बाहर नहीं निकलेंगे और शाम पांच बजे पांच मिनट ताली बजाएंगे।
प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर 'जनता कर्फ्यू' को सफल बनाने के लिए जनता टूट पड़ी है। जनता की ओर से फेसबुक वाट्सएप, ट्विटर जैसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर संदेश जारी कर लोगों से अपील की जा रही है कि वह इसे सफल बनाएं। वहीं कई ने अपने सोशल मीडिया के स्टेटस पर भी जागरूकता के लिए इसी से संबंधित लगा लिया है। सोशल मीडिया पर अपील की जा रही है कि पीएम ने समय की आवश्यकता के अनुसार देश को जागरूक व आसन्न चुनौती के लिए तैयार किया है। वहीं हम सब की भी ज़िम्मेदारी है कि एकमत होकर इस बेहद ज़रूरी जनता कर्फ्यू का पालन करें और विश्व को बताएं कि हमारे लिए राष्ट्रधर्म और मनुष्यत्व दोनों प्रमुख हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने प्रधानमंत्री मोदी के जनता कर्फ्यू की अपील का स्वागत किया है। उन्होंने भारतीय जनता से इसमें अपना योगदान देने की बात कही है। कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट कर लिखा है कि सतर्क रहे, चौकन्ने रहें और जागरूक रहें ताकी कोविड 19 द्वारा जो खतरा पनपा है, उसका सामना किया जा सके। भारतीय नागरिक होने के नाते हमें अपनी सुरक्षा के लिए निर्धारित सभी मानदंड का जरूर पालन करना चाहिए जैसा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी ने बताया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री ने भी पीएम मोदी के जनता कर्फ्यू में साथ मिलकर आगे आने की बात कही है। उन्होंने लिखा है कि चलिए आगे आएं और प्रधानमंत्री जी के साथ इस खास काम में हाथ में हाथ मिलाएं और भारतीय समय के मुताबिक 22 मार्च को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जनता कर्फ्यू में भागेदार बनें।