उतरांव थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव में शुक्रवार दोपहर मस्जिद में चंदे का पैसा गिनने के बीच दो लोगों में कहासुनी होनी लगी। इस बीच एक ने दूसरे बुजुर्ग को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही बुजुर्ग की मौत हो गई। वृद्ध की मरने की जानकारी होते ही मस्जिद में अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते एसओ उतरांव पहुंच गए। सबसे पहले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन भेजा। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
महरुपुर गांव स्थित जामा मस्जिद में शुक्रवार दोपहर नमाज अदा की गई। शुक्रवार को ही नावाजियों द्वारा मस्जिद में चंदा दिया जाता है। दोपहर पौने दो बजे गांव के ही अनवर उर्फ बोधे (72) तथा दो भाइयों नसीम और वसीम चंदे का पैसा गिनने लगे। अनवर उर्फ बोधे से सगे भाई नसीम और वसीम से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर वसीम ने अनवर को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही अनवर जमीन पर गिरे और उनकी मौत हो गई। इससे नमाज पढ़ने के लिए आए लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगो ने डायल 112 को सूचना देते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को घटना से अवगत कराया। थानाध्यक्ष तत्काल मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया।