विवाहिता का फांसी से लटकता मिला शव, दहेज हत्या का आरोप


प्रतापगढ़ जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध हाल में फांसी के फंदे से लटकता शव मिला। घर के एक कमरे में आत्महत्या की खबर सुन मायके के लोग भी पहुंच गए। इस बीच पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मायके पक्ष के लोग दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं।


हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे चरण मिश्र का पुरवा बिसिहिया गांव निवासी राम अजोर  ने अपनी बेटी पूनम की शादी 7 जून 2017 को जेठवारा के कटरा गुलाब सिंह चौकी क्षेत्र के अईजका गांव निवासी पवन कुमार मिश्र पुत्र स्वर्गीय मुन्ना लाल मिश्र के साथ की थी। सोमवार की रात पूनम का संदिग्ध दशा में फांसी पर लटकता शव परिवार वालों ने सुबह देखा तो हड़कंप मच गया। चीख-पुकार मचने पर वहां आसपास के लोग भी पहुंच गए। वहीं ससुरालवालों ने पूनम के मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना दी। इस पर मायके पक्ष के लोगों को हुई तो वह आनन-फानन में पूनम के ससुराल पहुंचे।


ससुराल में पूनम का शव देखने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जेठवारा पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया। घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगा कि आत्महत्या है या फिर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है।